फतेहपुर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी, कर्मचारियों में मचा हड़कंप; नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
उप्र के फतेहपुर जनपद से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रधान डाकघर में बम की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां प्रधान डाकघर में बम की सूचना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब 11 बजे डाकघर के विभागीय ग्रुप में एक ईमेल की सूचना मिली, जिसमें पासपोर्ट कार्यालय में बम रखे होने की धमकी दी गई थी और दोपहर 2 बजकर 10 मिनट का समय भी तय किया गया था।
सूचना मिलते ही डाकघर प्रशासन हरकत में आया और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान अभिमन्यु मांगलिक खुद मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ पूरे परिसर की सघन तलाशी और कॉम्बिंग अभियान चलाया गया।
इस दौरान हर कोने की बारीकी से जांच की गई, जिससे किसी भी तरह के खतरे की संभावना को खत्म किया जा सके।वहीं तय समय गुजरने के बाद भी कोई धमाका या अनहोनी नहीं हुई, जिससे राहत की सांस ली गई। जांच के दौरान भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
प्रधान डाकघर अधीक्षक रमेश यादव के अनुसार सभी कर्मचारी और मौजूद लोग पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल इस पूरे मामले को अफवाह माना जा रहा है,लेकिन पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसकी मंशा जानने में जुटी हुई है।

Janmat News 
