राज्य महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ ने किया ईद महोत्सव प्रदर्शनी का शुभारंभ, 15 अप्रैल तक चलेगा मेला

राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि ईद महोत्सव प्रदर्शनी जैसे आयोजन लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ आपसी भाईचारे और मेलजोल का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे दुकानदारों को भी रोजगार और व्यापार का अवसर मिलता है।

राज्य महिला आयोग सदस्य रेनू गौड़ ने किया ईद महोत्सव प्रदर्शनी का शुभारंभ, 15 अप्रैल तक चलेगा मेला
PUBLISHED BY MANOJ KUMAR

कासगंज से सोनू दूबे की रिपोर्ट —

कासगंज/जनमत न्यूज। जनपद के गंजडुंडवारा नगर में आयोजित ईद महोत्सव प्रदर्शनी का भव्य शुभारंभ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने फीता काटकर किया। इस दौरान प्रदर्शनी परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शनी आयोजकों ने रेनू गौड़ को पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा अशोक स्तंभ का मोमेंटो देकर सम्मानित किया।

प्रदर्शनी ठेकेदार सोनू श्रीवास्तव ने बताया कि यह ईद महोत्सव प्रदर्शनी 15 मार्च से शुरू होकर 15 अप्रैल 2026 तक चलेगी। हर वर्ष की तरह इस बार भी क्षेत्र के लोगों के मनोरंजन के लिए प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार प्रदर्शनी में कई नए आकर्षण जोड़े गए हैं, जिससे बच्चों से लेकर युवाओं और परिवारों तक सभी के लिए मनोरंजन की बेहतर व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि इस बार पहली बार कश्मीर वैली और मनाली की थीम पर आधारित लाइव शो लगाया गया है, जो प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहेगा। इसके अलावा बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के आकर्षक झूले, नाव, जंपिंग गेम्स और खेल-खिलौनों की दुकानें भी लगाई गई हैं। वहीं युवाओं और परिवारों के लिए भी कई तरह के मनोरंजन के साधन उपलब्ध कराए गए हैं।

महिलाओं के लिए विशेष रूप से कपड़ों, श्रृंगार सामग्री और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें लगाई गई हैं। इसके साथ ही लोगों के लिए विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के स्टॉल भी लगाए गए हैं, जहां स्थानीय व्यंजनों के साथ-साथ कई प्रकार के स्वादिष्ट पकवानों का आनंद लिया जा सकेगा।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य रेनू गौड़ ने कहा कि ईद महोत्सव प्रदर्शनी जैसे आयोजन लोगों को मनोरंजन के साथ-साथ आपसी भाईचारे और मेलजोल का अवसर प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजनों से स्थानीय व्यापारियों, कारीगरों और छोटे दुकानदारों को भी रोजगार और व्यापार का अवसर मिलता है।

प्रदर्शनी में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आयोजकों द्वारा पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है। परिसर में अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है, ताकि लोग बिना किसी परेशानी के मेले का आनंद ले सकें। आयोजकों को उम्मीद है कि ईद के अवसर पर नगर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग प्रदर्शनी में पहुंचेंगे।