गुजरात बनेगा UCC लागू करने वाला दूसरा राज्य, जस्टिस रंजना देसाई कमेटी ने मुख्यमंत्री को सौंपी रिपोर्ट

गुजरात में समान नागरिक संहिता (UCC) के लागू होने की तैयारी तेज हो गई है। उच्च स्तरीय समिति ने आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को यूसीसी का ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप दिया।

गुजरात बनेगा UCC लागू करने वाला दूसरा राज्य, जस्टिस रंजना देसाई कमेटी ने मुख्यमंत्री को सौंपी रिपोर्ट
Published By- Diwaker Mishra

अहमदाबाद/जनमत न्यूज़। गुजरात में समान नागरिक संहिता (UCC) के लागू होने की तैयारी तेज हो गई है। उच्च स्तरीय समिति ने आज मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को यूसीसी का ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप दिया।

यह रिपोर्ट तीन खंडों में तैयार की गई है। इसमें राज्य के सभी धर्मों व समुदायों के लिए विवाह, तलाक, उत्तराधिकार, गोद लेने जैसे मुद्दों पर एकसमान कानूनी ढांचे की सिफारिशें शामिल हैं।

समिति की अध्यक्षता सेवानिवृत्त सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश रंजना प्रकाश देसाई ने की। समिति ने विस्तृत अध्ययन किया, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा, जनता से राय-मशविरा, गहन चर्चाएं और सार्वजनिक परामर्श शामिल थे।

रिपोर्ट में महिलाओं के समान अधिकारों और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है, साथ ही गुजरात की भौगोलिक और सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करने पर जोर दिया गया है।

उच्च स्तरीय समिति ने मुख्यमंत्री को सौंपा ड्राफ्ट

समिति के अन्य सदस्यों में सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस सी.एल. मीणा, वरिष्ठ अधिवक्ता आर.सी. कोडेकर, पूर्व कुलपति डॉ. दक्षेश ठाकर और समाजसेवी गीता श्रॉफ शामिल हैं।

रिपोर्ट सौंपने के दौरान सलाहकार शत्रुघ्न सिंह (उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव), मुख्य सचिव एम.के. दास, अतिरिक्त मुख्य सचिव संजीव कुमार, डॉ. विक्रांत पांडे, सचिव के.एन. लाला और विधि सचिव उपेंद्र भट्ट मौजूद थे।

उत्तराखंड के बाद गुजरात दूसरा राज्य बनने की ओर

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने ट्वीट कर कहा कि यह रिपोर्ट गहन अध्ययन और जनसंपर्क पर आधारित है। उन्होंने यूसीसी लागू करने की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम बताया।

उत्तराखंड के बाद गुजरात दूसरा राज्य है जहां यूसीसी की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। समिति ने पहले उत्तराखंड में भी इसी तरह का ड्राफ्ट तैयार किया था। अब राज्य सरकार इस रिपोर्ट की समीक्षा करेगी और आवश्यक बदलावों के बाद विधानसभा में विधेयक पेश करने की संभावना है।