यू-ट्यूब से नोरा फतेही का अश्लील गाना डिलीट, भड़कीं कंगना रनौत बोलीं- 'बॉलीवुड पर लगाओ लगाम '

एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में संजय दत्त और नोरा फतेही के लेटेस्ट गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर अपना गुस्सा व्यक्त किया है।

यू-ट्यूब से नोरा फतेही का अश्लील गाना डिलीट, भड़कीं कंगना रनौत बोलीं- 'बॉलीवुड पर लगाओ लगाम '
Published By- Diwaker Mishra

नई दिल्ली/जनमत न्यूज़। एक्ट्रेस और बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में संजय दत्त और नोरा फतेही के लेटेस्ट गाने 'सरके चुनर तेरी सरके' को लेकर अपना गुस्सा व्यक्त किया है। उन्होंने अपकमिंग फिल्म 'केडी: द डेविल' के इस गाने में इस्तेमाल किए गए लिरिक्स को अश्लीलता की सारी हदें पार करना बताया है।

'बॉलीवुड ने अश्लीलता की सारी हदें पार कर दी हैं'

समाचार एजेंसी एएनआई ने अपने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें कंगना रनौत 'सरके चुनर तेरी सरके' की कड़ी निंदा करते हुए नजर आ रही हैं।

उन्होंने कहा "बॉलीवुड ने अश्लीलता, सस्ते हथकंडे और अटेंशन पाने के लिए वल्गैरिटी की सारी हदें पार कर दी हैं। पूरा देश इस वक्त उनकी निंदा कर रहा है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि उनमें कुछ भी शर्म बाकी है।"

कंगना रनौत ने आगे कहा, "इस तरह की अश्लीलता और अभद्रता परोसने वालों के खिलाफ कड़ा एक्शन लेने की जरूरत है। मुझे ऐसा लगता है कि बॉलीवुड पर कुछ सख्त लगाम लगाने की सच में जरूरत है।"

NHRC के नोटिस के बाद हटाया गया गाना

'केडी: द डेविल' के मेकर्स ने इस गाने का जोरदार प्रमोशन करने की पूरी कोशिश की थी। हालांकि, 'सरके चुनर तेरी सरके' के भद्दे लिरिक्स को लेकर हुए भारी विरोध और कानूनी विवाद के बाद इस गाने को यूट्यूब सहित सभी ऑडियो और वीडियो स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स से हटा दिया गया है। हाल ही में नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) ने भी इस गाने को लेकर एक सख्त नोटिस जारी किया है।

बता दें कि 'सरके चुनर तेरी सरके' के खिलाफ वकील और सोशल एक्टिविस्ट विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में भी शिकायत दर्ज करवाई थी। उन्होंने उन सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, जो इस गाने के निर्माण से जुड़े हुए हैं।