PSL पर मंडराया संकट, ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को पाकिस्तान के इस शहर में जाने से किया गया मना
अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक में 400 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस हमले के बाद पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के भविष्य पर भी संकट मंडराता दिख रहा है।
इस्लामाबाद/जनमत न्यूज़। अफगानिस्तान की राजधानी काबुल में पाकिस्तान द्वारा की गई एयरस्ट्राइक में 400 लोगों के मारे जाने की खबर है। इस हमले के बाद पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के भविष्य पर भी संकट मंडराता दिख रहा है।
ईरान-इजरायल के बीच जारी युद्ध के चलते भी पाकिस्तान के लिए सफर करना मुश्किल हो रहा है। इसी बीच ऑस्ट्रेलिया के कई खिलाड़ियों को उनकी सरकार की तरफ से समझाइश दी गई है कि पेशावर न जाएं।
ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर, मार्नस लाबुशेन और ग्लेन मैक्सवेल PSL के अगले सीजन में खेलने वाले हैं। उनके अलावा टिम पेन और जेसन गिलेस्पी भी बतौर कोच इस लीग का हिस्सा हैं।
ऑस्ट्रेलियाई पब्लिकेशन कोड स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई सरकार ने अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की मंजरी तो दे दी है, लेकिन पेशावर जाने से मना किया है।
गहराया संकट
इसके बाद पेशावर जाल्मी और रावलपिंडीस के बीच 28 मार्च को इमरान खान स्टेडियम में होने वाले मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं। इन दोनों ही टीमों में ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी हैं।
जाल्मी में एरॉन हार्डी हैं तो वहीं पिंडीस में जैक फ्रेजर मैक्गर्क हैं। रिपोर्ट में बताया गया है कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को आश्वासन दिया गया है कि अगर जरूरत पड़ी तो उन्हें प्राइवेट फ्लाइट से वापस बुला लिया जाएगा।
अफगानी खिलाड़ियों ने लिया नाम वापस
PSL में खिलाड़ियों की नीलामी से पहले अफगानिस्तान के कई खिलाड़ियों ने अपना नाम वापस ले लिया था। इसमें मुजीब उर रहमान, सेद्दीकुल्लाह अटल, मोहम्मद नबी, वकार सलामखेली और फजलहक फारूकी के नाम शामिल हैं।
कई अफगानिस्तानी क्रिकेटरों ने पाकिस्तान द्वारा किए गए हमले की आलोचना की है। इनमें नवीन उल हक, राशिद खान और नबी के नाम शामिल हैं।

Janmat News 
