औरैया में खाना खाते समय अचानक गिरी दीवार, मलबे में दबकर मां-बेटी घायल; राहत-बचाव कार्य जारी
उप्र के औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव में शनिवार की सुबह अचानक एक दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।
औरैया से अरुण वाजपेयी की रिपोर्ट
औरैया/जनमत न्यूज़। उप्र के औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र के गुलहरिया गांव में शनिवार की सुबह अचानक एक दीवार गिरने से उसके मलबे में दबकर मां-बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत-बचाव कार्य शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को मलबे से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार गुलहरिया गांव निवासी नीलम अपनी बेटी अंशिका के साथ घर में बैठकर खाना खा रही थीं। इसी दौरान अचानक घर की दीवार भरभराकर उनके ऊपर गिर गई। दीवार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए मलबा हटाने का काम शुरू किया और काफी प्रयास के बाद मां-बेटी को बाहर निकाला।
हादसे में नीलम और उनकी बेटी अंशिका को चोटें आईं। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिबियापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
अचानक हुए इस हादसे से परिवार में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने बताया कि यदि समय रहते आसपास के लोग मौके पर नहीं पहुंचते तो हादसा और गंभीर हो सकता था। घटना के बाद गांव में भी काफी देर तक लोगों की भीड़ लगी रही।



