संभल हिंसा के मास्टरमाइंड शारिक साठा और भतीजे आमिर के गिरफ्तारी वारंट जारी, घर पर नोटिस चस्पा
उप्र के संभल हिंसा के मामले में फरार चल रहे आरोपित और कथित मास्टरमाइंड शारिक साठा और उसके भतीजे आमिर गफ्फार के खिलाफ चंदौसी न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल हिंसा के मामले में फरार चल रहे आरोपित और कथित मास्टरमाइंड शारिक साठा और उसके भतीजे आमिर गफ्फार के खिलाफ चंदौसी न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।
लंबे समय से फरार दोनों आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उनके घरों पर ढोल बजवाकर मुनादी कराई और उद्घोषणा के नोटिस चस्पा किए। पुलिस ने दीपा सराय स्थित शारिक साठा के आवास और उसके भतीजे आमिर गफ्फार के घर पर नोटिस चस्पा कराए हैं,
उत्तर प्रदेश के जनपद संभल के दीपा सराय निवासी शारिक साठा पर 24 नवंबर 2024 को हुई संभल हिंसा के संबंध में चार मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में चार हत्याओं और आपराधिक षड्यंत्र समेत गंभीर धाराएं शामिल हैं.
गिरफ्तारी के लिए गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद न्यायालय में पेश न होने पर शारिक साठा के खिलाफ धारा 82 के तहत उद्घोषणा की कार्रवाई की गई है।
वहीं, उसके सहयोगी और भतीजे आमिर गफ्फार निवासी ठंडी कोठी, दीपा सराय के घर पर भी धारा 84 बीएनएसएस के तहत नोटिस चस्पा किया गया है.



