मुजफ्फरनगर: रजवाहे की टूटी पटरी ने खोली सिंचाई विभाग की पोल, मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति
उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर रजवाहे पर सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों में नाराजगी है। रजवाहे की पटरी टूटी होने से विभागीय रखरखाव और मरम्मत कार्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर रजवाहे पर सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर किसानों में नाराजगी है। रजवाहे की पटरी टूटी होने से विभागीय रखरखाव और मरम्मत कार्यों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
किसानों का आरोप है कि सिंचाई विभाग को प्रतिवर्ष मरम्मत एवं रखरखाव के लिए मोटा बजट आवंटित होता है, लेकिन इसके बावजूद रजवाहे की पटरी की उचित मरम्मत नहीं हो पा रही है।
आखिर हर साल सरकारी बजट खर्च होने के बावजूद रजवाहे की पटरी की हालत क्यों नहीं सुधर रही? क्या संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर निरीक्षण नहीं किया जाता? क्या मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता की जांच केवल कागजों तक सीमित है?
किसानों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारी मीरापुर रजवाहे की समस्याओं को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं। यदि समय रहते टूटी पटरी की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसानों को सिंचाई संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
जिलाधिकारी से सीधा सवाल
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा से मांग है कि मीरापुर रजवाहे की टूटी पटरी का तत्काल स्थलीय निरीक्षण कराया जाए। सिंचाई विभाग को निर्देशित किया जाए कि मरम्मत एवं रखरखाव पर खर्च किए गए बजट का विवरण और कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए।
सवाल साफ है- जब किसानों की सिंचाई व्यवस्था के लिए सरकारी बजट खर्च किया जा रहा है, तो फिर मीरापुर रजवाहे की पटरी टूटी क्यों पड़ी है? आखिर इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? किसानों को आश्वासन नहीं, धरातल पर मरम्मत और जवाबदेही चाहिए।



