अवैध निर्माण रोकने गई पुलिस टीम के साथ महिलाओं ने की धक्का मुक्की
पड़रौना कोतवाली थाना क्षेत्र के अड़रौना गांव में पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

कुशीनगर/जनमत। जिले के पड़रौना कोतवाली थाना क्षेत्र के अड़रौना गांव में पुलिस और महिलाओं के बीच झड़प का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। घटना तब हुई जब पुलिस टीम अवैध निर्माण की शिकायत के बाद मौके पर पहुँची थी।
बता दें कि सार्वजनिक रास्ते पर शरीफ द्वारा अवैध रूप से पक्का निर्माण करवाया जा रहा था। विवाद सुलझाने गई पुलिस टीम के साथ विशेष समुदाय की महिलाओं ने अभद्रता की और दरोगा के साथ धक्का-मुक्की की। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसमें महिलाओं को पुलिस टीम के साथ अभद्रता करते हुए देखा जा सकता है। धक्का मुक्की करने वाली महिलाओं के घर के सदस्यों का कहना है कि घर का निर्माण करवाया जा रहा था। जिसमें बारजे का भी निर्माण कार्य करवाने को लेकर सेटरिंग का काम चल रहा था कि मौके पर पुलिस आई और घर के कुछ सदस्यों के साथ मारपीट की। जिसके बाद घर की कुछ महिलाएं पुलिस का विरोध की।
इस मामलें से संबंधित शिकायत करने वाले गांव के राजेंद्र चौबे की शिकायत के बाद पुलिस पहुँची थी लेकिन महिलाओं द्वारा मिश्रौली चौकी प्रभारी विवेक पांडेय व उनके अन्य पुलिस कर्मियों के साथ दुर्व्यवहार किया गया, लाठी डंडे के साथ मारपीट पर उतारू थे।
इस संबंध में पड़रौना सीओ ने कहा कि अवैध निर्माण से संबंधित शिकायत के बाद पुलिस गई थी, महिलाओं ने दुर्व्यवहार किया है, मुकदमा दर्ज किया गया है, मौके पर कानून व्यवस्था कायम है। पुलिस ने इस मामलें में 12 नामजद और 10 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर महिलाओं समेत कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर अन्य की गिरफ्तारी के लिए टीमें बना कर जांच शुरू कर दी है।
REPORTED BY - PRADEEP YADAV
PUBLISHED BY - MANOJ KUMAR