हाथरस में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन, सनातनधर्मियों को एकजुट रहने की अपील
आज 2 फरवरी को हाथरस जंक्शन क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया।
हाथरस से होमेश मिश्रा की रिपोर्ट
हाथरस/जनमत न्यूज़। आज 2 फरवरी को हाथरस जंक्शन क्षेत्र में विराट हिंदू सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम हाथरस जंक्शन क्षेत्र के कैलोरा चौराहा स्थित माँ शीला देवी कान्वेंट स्कूल परिसर में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में हिंदू समाज के लोग शामिल हुए।
विराट हिंदू सम्मेलन में मुख्य अतिथि एवं प्रमुख वक्ता के रूप में पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी अखाड़ा, हरिद्वार से पधारे महा मंडलेश्वर पूज्य श्री स्वामी जयगिरि जी महाराज उपस्थित रहे। अपने ओजस्वी संबोधन में स्वामी जयगिरि जी महाराज ने हिंदू समाज को संगठित रहने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि हिंदू समाज यदि एकजुट और संगठित रहेगा, तभी हिंदू राष्ट्र की संकल्पना साकार हो सकती है और गौ माता को राष्ट्रीय माता का दर्जा दिलाया जा सकता है। उन्होंने “सनातन को बचाना है” का नारा देते हुए सभी को एकजुट रहने की अपील की।
अपने संबोधन के दौरान महा मंडलेश्वर जी ने जयघोष करते हुए कहा- “सनातन एकता जिंदाबाद, हिंदू राष्ट्र जिंदाबाद”, जिस पर उपस्थित जनसमूह ने तालियों और नारों के साथ समर्थन जताया।
कार्यक्रम से पूर्व हाथरस जंक्शन क्षेत्र में एक विशाल पैदल यात्रा निकाली गई। यह यात्रा हाथरस जंक्शन से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए कैलोरा चौराहा स्थित माँ शीला देवी कान्वेंट स्कूल परिसर में पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के उपरांत ही विराट हिंदू सम्मेलन का विधिवत आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मंचासीन अतिथियों का सम्मान भी किया गया। सम्मेलन में हाथरस सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
मंच पर पंडित आशीष शर्मा, ठाकुर करणपाल सिंह, हेमंत सेंगर, निर्भय सिंह सेंगर, ठाकुर पंकज, अविनाश ठाकुर, बॉबी ठाकुर, प्रमोद सेंगर, भूपेंद्र सेंगर, प्रमोद मदनावत, मालती देवी पूर्व जिला पंचायत सदस्य, पूर्व प्रधान सोमेंद्र सिंह, तेज प्रकाश राणा और अरुण सिंह मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल सेंगर द्वारा किया गया। सम्मेलन शांतिपूर्ण और अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ।

Janmat News 
