मुजफ्फरनगर में दबंगों का तांडव! मारपीट से महिला गंभीर घायल, थाने में तहरीर के बावजूद FIR नहीं
उप्र के जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भोरा कला क्षेत्र से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला गंभीर मामला सामने आया है।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के जनपद मुजफ्फरनगर के थाना भोरा कला क्षेत्र से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम मुंडभर निवासी संतोष देवी पत्नी तेजपाल सिंह ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि 31 जनवरी 2026 को दबंगों ने उनके परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
पीड़िता के अनुसार पहले उनके भतीजे के साथ मारपीट की गई, जिसकी तहरीर थाने में दी गई थी। इसके बाद देर रात आरोपियों ने पीड़िता के घर के बाहर गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शोर मचाने पर ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर किसी तरह पीड़िता की जान बचाई।
घायल महिला को सीएचसी शाहपुर में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल मुजफ्फरनगर रेफर किया गया। आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत देने के बावजूद थाना भोरा कला पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिससे पीड़िता को न्याय के लिए एसएसपी की शरण लेनी पड़ी।
पीड़िता ने मामले में तत्काल FIR दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामला सामने आने के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Janmat News 
