सिद्धार्थनगर: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत डुमरियागंज में दांपत्य सूत्र में बंधे 207 जोड़े
उप्र के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज में समाज कल्याण विभाग द्वारा राप्ती नदी तट स्थित श्री मंगल भवन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
सिद्धार्थनगरसे रमेश शुक्ला की रिपोर्ट
सिद्धार्थनगर/जनमत न्यूज़। उप्र के सिद्धार्थनगर जनपद के डुमरियागंज में समाज कल्याण विभाग द्वारा राप्ती नदी तट स्थित श्री मंगल भवन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 207 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान गणेश की प्रतिमा के विधिवत पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
मुख्य अतिथि सांसद जगदंबिका पाल के साथ विधायक सैय्यदा खातून, पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह, जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन., पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन, मुख्य विकास अधिकारी बलराम सिंह एवं समाज कल्याण अधिकारी एम. पी. सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की भावना के तहत हर गरीब की बेटी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बेटी है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का संचालन किया जा रहा है, ताकि किसी भी गरीब परिवार की बेटी का विवाह आर्थिक अभाव के कारण न रुके।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा प्रति जोड़े को एक लाख रुपये की सहायता दी जाती है, जिसमें 60 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाते हैं, 25 हजार रुपये के वैवाहिक उपहार वर-वधू को दिए जाते हैं तथा 15 हजार रुपये आयोजन की व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाते हैं।
पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार द्वारा सामाजिक समरसता को मजबूत किया जा रहा है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण यह है कि सामूहिक विवाह कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम और बौद्ध पद्धतियों से गरीब परिवारों के विवाह संपन्न कराए गए।
समाज कल्याण अधिकारी एम. पी. सिंह ने बताया कि कुल 238 जोड़ों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 207 जोड़ों का विवाह कार्यक्रम में सम्पन्न हुआ। इनमें 140 हिंदू जोड़े, 58 बौद्ध अनुयायी जोड़े एवं 9 मुस्लिम जोड़े शामिल रहे।
हिंदू जोड़ों का विवाह पंडित राकेश शास्त्री, बौद्ध अनुयायी जोड़ों का विवाह राम प्रकाश बौद्ध तथा मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलाना द्वारा विधि-विधान से संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में सभी अतिथियों एवं अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद एवं सफल दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम का संचालन धनंजय मिश्रा ने किया।
इस अवसर पर एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी बृजेश कुमार वर्मा, तहसीलदार रविकुमार यादव, नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह, प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव, बीडीओ कुमार कार्तिकेत मिश्र सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Janmat News 
