अचानक जालौन पहुंचे एडीजी और आईजी, एसपी कार्यालय का किया निरीक्षण; सुनी शिकायतें
उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट
उरई/जनमत न्यूज़। आज बुधवार को एडीजी कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ और आईजी आकाश कुलहरि अचानक उप्र के उरई पहुंचे। दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के अचानक जिला मुख्यालय पहुंचने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई।
अधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय का निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान एडीजी और आईजी ने अपराध शाखा, परिवार परामर्श केंद्र समेत पुलिस कार्यालय में संचालित विभिन्न पटलों का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अभिलेखों को देखा और उनके रखरखाव तथा कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी ली। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से विभिन्न मामलों और कार्यालयीन कार्यप्रणाली के बारे में आवश्यक जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान अधिकारियों ने पुलिस कार्यालय की अलग-अलग शाखाओं में किए जा रहे कार्यों की समीक्षा भी की। उन्होंने अभिलेखों को अद्यतन रखने, शिकायतों के प्रभावी निस्तारण और कार्यालयीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि पुलिस कार्यालय आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उनका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एडीजी और आईजी ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मौजूद शिकायतकर्ताओं की समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
अचानक हुए इस निरीक्षण को लेकर पुलिस विभाग में पूरे दिन चर्चाओं का दौर चलता रहा। निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।




