हरदोई: भोर में शटर काटते, दिन में करते रेकी; सर्राफा दुकानों को निशाना बनाने वाले दो शातिर गिरफ्तार
उप्र के हरदोई कोतवाली शहर क्षेत्र में सोने-चांदी की दुकानों में हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट
हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई कोतवाली शहर क्षेत्र में सोने-चांदी की दुकानों में हुई चोरी की दो वारदातों का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने इनके कब्जे से चांदी के आभूषण, नकदी, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और शटर तोड़ने में इस्तेमाल लोहे की रॉड बरामद की है।
इसके बाद 12 सितंबर को सराय थोक निवासी हर्ष पांडेय ने सूचना दी कि उनकी सोने-चांदी की दुकान का शटर काटकर तीन अज्ञात चोर चांदी के आभूषण, चांदी के सिक्के और नकदी चोरी कर ले गए। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने प्रकाश में आए दीपांशु उर्फ प्रियांशु पुत्र महेश कुमार निवासी ऐशबाग, थाना बाजारखाला, लखनऊ और इजहार हुसैन उर्फ अरबाज हुसैन निवासी न्यू गणेश मोहल्ला, ऐशबाग, थाना बाजारखाला, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने इनके पास से छह सफेद धातु की चेन, बच्चों के 12 सफेद धातु के कंगन, एक जोड़ी पायल, 140 जोड़ी बिछुआ, 2,100 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और लोहे की रॉड बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे अपने एक अन्य साथी के साथ दिन में शहर और कस्बों में स्थित सोने-चांदी की दुकानों की रेकी करते थे और सुनसान दुकानों को चिन्हित कर लेते थे।
इसके बाद रात में इलाके के आसपास घूमते रहते और भोर होते ही चिन्हित दुकानों के शटर तोड़कर आभूषण व नकदी चोरी कर फरार हो जाते थे।
सीओ सिटी अजीत चौहान ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपितों ने कोतवाली शहर क्षेत्र में हुई दोनों चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है।
पूछताछ में सामने आया कि चोरी किए गए सामान को बेचकर वे अपना जीवनयापन करते थे। पुलिस मामले में शामिल अन्य आरोपी और चोरी के माल से संबंधित तथ्यों की जांच के साथ आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।




