उरई में वन महोत्सव का शुभारंभ, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के साथ हरियाली का संदेश

उप्र के उरई जनपद में वन महोत्सव का शुभारंभ आज राजकीय इंटर कॉलेज, उरई परिसर में उत्साहपूर्वक किया गया।

उरई में वन महोत्सव का शुभारंभ, "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के साथ हरियाली का संदेश
Published By- Diwaker Mishra

उरई से सुनील शर्मा की रिपोर्ट

उरई/जनमत न्यूज़। उप्र के उरई जनपद में वन महोत्सव का शुभारंभ आज राजकीय इंटर कॉलेज, उरई परिसर में उत्साहपूर्वक किया गया। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर जनपदवासियों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं अधिकारियों ने भी पौधे लगाकर हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया।

जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को कहा कि वर्षा ऋतु पौधरोपण का सबसे उपयुक्त समय है। प्रत्येक छात्र अपने घर, विद्यालय एवं आसपास उपलब्ध खाली स्थानों पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी नियमित देखभाल भी करे।

उन्होंने विशेष रूप से विद्यार्थियों से कहा कि विद्यालय आते समय आपके द्वारा लगाए गए पौधों को पानी देना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं, क्योंकि पौधे तभी वृक्ष बनेंगे जब उनका संरक्षण भी किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, पर्यावरण को संतुलित रखते हैं तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करते हैं। इसलिए पौधरोपण के साथ-साथ उनका संरक्षण भी प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण की शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि अपनी मां के सम्मान और धरती मां को हरा-भरा एवं स्वस्थ बनाने के लिए निरंतर पौधरोपण करेंगे तथा लगाए गए पौधों की देखभाल भी करेंगे।

जिलाधिकारी ने सभी शासकीय विभागों, शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों एवं आमजन से आह्वान किया कि 01 से 07 जुलाई तक वन महोत्सव के दौरान अधिक से अधिक पौधरोपण किया जाए।

उन्होंने कहा कि इस अवधि में हरित रैली, प्रभात फेरी, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला एवं निबंध प्रतियोगिता सहित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाए। प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव ने "आम बहार आपके द्वार" मिशन के तहत छायादार एवं फलदार आम के पौधों का वितरण किया।

उन्होंने बताया कि वर्षाकाल 2026 में प्रदेशभर में 40 करोड़ पौधों के रोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने सभी नागरिकों से "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में सहभागी बनने तथा लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई एवं संरक्षण करने की अपील की।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के.के. सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी प्रदीप यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रिन्कू सिंह राही, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।