सीतापुर: चोरियों से सहमा सदरपुर, नीबा डेहरा में लाखों की चोरी; ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता
खबर यूपी के सीतापुर जनपद के थाना सदरपुर से है जहां सदरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
सीतापुर से अनूप पांडेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। खबर यूपी के सीतापुर जनपद के थाना सदरपुर से है जहां सदरपुर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों में चिंता बढ़ती जा रही है।
ताजा मामला ग्राम नीबा डेहरा का है, जहां अज्ञात चोरों ने अजय मिश्रा पुत्र राममूर्ति मिश्रा के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।
भुक्तभोगी के मुताबिक चोर घर से सोने के झाला, बाला, माला, अंगूठी, बुंदा और हंथफूल तथा चांदी के कमरबंद, बिछुआ, बिछिया और पायल आदि आभूषण ले गए। इसके अलावा फूल के बर्तन, नए कपड़े समेत अन्य सामान भी चोरी होने की बात कही गई है।
घटना की जानकारी होने पर भुक्तभोगी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना के बाद पुलिस ने मौके की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और घटना में शामिल लोगों के संबंध में पुलिस जांच के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। क्षेत्र में आए दिन हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।




