फतेहपुर: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई, 29 लोग घायल; राहत-बचाव कार्य जारी
उप्र के फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। भीषण हादसे से हड़कंप मच गया।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद के बिंदकी कोतवाली क्षेत्र में श्रद्धालुओं से भरी पिकअप अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। भीषण हादसे से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक कुल 29 घायल मेडिकल कॉलेज लाए गए हैं, जिनमें छोटे-बड़े सभी तरह के घायल शामिल हैं। इनमें से करीब सात घायलों को हेड इंजरी के चलते बेहतर उपचार के लिए कानपुर हैलट रेफर किया गया है।
फिलहाल किसी की हालत बेहद गंभीर नहीं बताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक द्वारा घायलों के इलाज की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि सभी श्रद्धालु बिंदकी थाना क्षेत्र के कोरावा गांव से प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। पिकअप में वाहन स्वामी भी सवार था, जिसे भी चोटें आई हैं। वहीं, ड्राइवर ने पुलिस को बताया है कि स्टीयरिंग और ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित हो गया और पेड़ से जा टकराया।
हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे की वास्तविक वजह वाहन के तकनीकी परीक्षण और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता सभी घायलों को बेहतर से बेहतर उपचार दिलाना है। अधिकारी लगातार घायलों की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।




