फिरोजाबाद: डीएम ने गैस एजेन्सी मालिकों के साथ की बैठक, कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी

उप्र के फिरोजाबाद के जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कलैक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनपद के सभी गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण आपात बैठक की।

फिरोजाबाद: डीएम ने गैस एजेन्सी मालिकों के साथ की बैठक, कालाबाजारी करने पर लाइसेंस रद्द करने की चेतावनी
Published By- Diwaker Mishra

फिरोजाबाद से विमल कुमार सिंह की रिपोर्ट

फिरोजाबाद/जनमत न्यूज़। उप्र के फिरोजाबाद के जिलाधिकारी रमेश रंजन ने कलैक्ट्रेट स्थित अपने कक्ष में जनपद के सभी गैस एजेन्सी स्वामियों के साथ महत्वपूर्ण आपात बैठक की। बैठक में जिलाधिकारी ने घरेलू गैस की आपूर्ति व्यवस्था और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कडे़ दिशा-निर्देश जारी किए।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि गैस एजेन्सियों के बाहर आम नागरिकों की लम्बी लाइनें किसी भी आधार पर नही लगनी चाहिए। उपभोक्ताओं को सुचारू और समयबद्ध तरीके से गैस सिलेण्डर उपलब्ध कराना एजेन्सी मालिकों की जिम्मेदारी है।

बैठक में जिलाधिकारी ने महत्वपूर्ण निर्देश देते हुए कहा कि जिन उपभोक्ताओं के पास पीएनजी (पाइप नेचुरल गैस) के कनेक्शन है, उनकी सघन जांच की जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि वह अवैध रूप से एलपीजी सिलेण्डर का उपयोग तो नही कर रहे है।यदि ऐसा पाया जाता है, तो सम्बन्धित के विरूद्ध कार्यवाही की जाएगी।

पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वितरण रजिस्टर से प्रतिदिन रैण्डम आधार पर 50 उपभोक्ताओं से टेलीफोन पर वार्ता की जाए। फीडबैक के जरिए यह पुष्टि की जाएगी की गैस सही व्यक्ति तक पहुंच रहीं है या नही, वितरण में कोई अनियमितता तो नही है।

जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि जिले में गैस की कालाबाजारी किसी भी स्थिति में स्वीकार नही है। यदि किसी भी गैस एजेन्सी मालिक की संलिप्तता कालाबाजारी में पाई गयी, तो उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से रदद् कर दिया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराऐं और गैस एजेन्सियों का आकस्मिक निरीक्षण करें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वि.रा. विशु राजा भी उपस्थित रहे।