मुजफ्फरनगर: अंतिम पड़ाव पर कांवड़ यात्रा; यातायात प्रभारी की अपील- साइलेंसर लगाकर चलें, तेज रफ्तार से बचें
कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त बड़ी संख्या में मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रहे हैं।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट
मुजफ्फरनगर/जनमत न्यूज़। कांवड़ यात्रा के अंतिम पड़ाव पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर लौट रहे शिवभक्त बड़ी संख्या में मुजफ्फरनगर से होकर गुजर रहे हैं। इसी को देखते हुए यातायात प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने कांवड़ियों और वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
राकेश सिंह ने कहा कि शिवभक्त अपने वाहनों पर साइलेंसर लगाकर चलें और तेज गति से वाहन न चलाएं, ताकि खुद के साथ-साथ दूसरे राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सावधानी किसी बड़े हादसे को रोक सकती है।
हरिद्वार, उत्तराखंड से गंगाजल लेकर आने वाले लाखों शिवभक्तों का बड़ा जत्था मुजफ्फरनगर से होकर गुजरता है। ऐसे में यात्रा के अंतिम चरण में सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ जाता है। यातायात पुलिस लगातार वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और अन्य यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर रही है।
यातायात प्रभारी राकेश सिंह ने कहा कि तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल और हेलमेट-सीट बेल्ट की अनदेखी सड़क हादसों के प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने कांवड़ियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि धार्मिक यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए धैर्य रखें और नियमों का पालन करें।
उन्होंने कहा कि सड़क पर किसी हादसे की स्थिति में घायल व्यक्ति की मदद करना भी प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। समय पर घायल को अस्पताल पहुंचाकर किसी की जान बचाई जा सकती है।
यातायात प्रभारी राकेश सिंह की यह अपील कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।




