बलरामपुर में बड़ी कार्रवाई, प्रसूता के पेट में गॉज छोड़ने पर मिडवे अस्पताल सील

यूपी के बलरामपुर में प्रसूता के ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है।

बलरामपुर में बड़ी कार्रवाई, प्रसूता के पेट में गॉज छोड़ने पर मिडवे अस्पताल सील
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। यूपी के बलरामपुर में प्रसूता के ऑपरेशन में गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सख्त कदम उठाया है। शहर के मेडीवे हॉस्पिटल को शनिवार को सील कर दिया गया। जांच में सामने आया कि सिजेरियन ऑपरेशन के दौरान महिला के पेट में गॉज (सर्जिकल स्पंज) छोड़ दिया गया था।

यह कार्रवाई एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में गठित चार सदस्यीय टीम की जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई। मामले में संबंधित महिला सर्जन और चिकित्साधिकारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी भी चल रही है।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ती रही हालत

पीड़ित अजय तिवारी के अनुसार, 5 सितंबर 2025 को उनकी पत्नी अंजू देवी का सिजेरियन प्रसव इसी अस्पताल में हुआ था। प्रसव के बाद कुछ दिन तक सब सामान्य रहा, लेकिन फिर अचानक अंजू की तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों का आरोप है कि दोबारा अस्पताल ले जाने पर सही जांच और इलाज नहीं किया गया। केवल दवाएं देकर वापस भेज दिया गया और बाद में हालत गंभीर होने पर रेफर कर दिया गया।

बहराइच में खुला राज

इसके बाद अंजू का इलाज बहराइच के एक अस्पताल में कराया गया, जहां जांच में पेट के अंदर गॉज फंसा होने का खुलासा हुआ। इससे आंत में संक्रमण और सड़न फैल चुकी थी। स्थिति गंभीर होने पर महिला की दो बार सर्जरी करानी पड़ी, जिसमें करीब छह लाख रुपये खर्च हो गए। 

सीएमओ ने कराई जांच, हुई पुष्टि

मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने चार सदस्यीय जांच टीम गठित की थी। टीम ने पीड़ित पक्ष, अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों से पूछताछ की।

जांच में लापरवाही की पुष्टि होने के बाद अस्पताल को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।