प्रतापगढ़: सरहद के भाइयों की कलाई पर सजेगा बहनों का प्यार, जवानों के लिए भेजीं 1100 राखियां

रक्षाबंधन से पहले उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की बहनों ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए स्नेह और सम्मान का अनूठा संदेश भेजा है।

प्रतापगढ़: सरहद के भाइयों की कलाई पर सजेगा बहनों का प्यार, जवानों के लिए भेजीं 1100 राखियां
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। रक्षाबंधन से पहले उप्र के प्रतापगढ़ जनपद की बहनों ने देश की सीमाओं पर तैनात सैनिक भाइयों के लिए स्नेह और सम्मान का अनूठा संदेश भेजा है।

एलायंस क्लब इंटरनेशनल की पहल पर जिले की बहनों द्वारा तैयार की गई 1100 राखियां एकत्र कर राष्ट्रपति महोदया को भेजी गईं, ताकि ये रक्षा सूत्र देश की रक्षा में डटे जवानों तक पहुंच सकें।

गुरुवार को एलायंस क्लब इंटरनेशनल के पदाधिकारियों ने क्लब के इंटरनेशनल डायरेक्टर एवं समाजसेवी रोशनलाल उमरवैश्य के नेतृत्व में सभी राखियां डाक अधीक्षक प्रतापगढ़ ईसम सिंह को सौंपीं। इसके बाद प्रधान डाकघर के माध्यम से राखियां राष्ट्रपति महोदया को भेजी गईं।

इस अवसर पर रोशनलाल उमरवैश्य ने कहा कि देश की सीमाओं पर कठिन परिस्थितियों में तैनात वीर सैनिकों के त्याग और बलिदान का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। राखी का यह रक्षा सूत्र सैनिक भाइयों के प्रति बहनों के आत्मीय भाव का प्रतीक है और उनका मनोबल बढ़ाने का कार्य करता है।

उन्होंने बताया कि एलायंस क्लब और महिला क्लब की ओर से पिछले 26 वर्षों से लगातार सैनिक भाइयों के लिए राखियां भेजने की परंपरा निभाई जा रही है। डाक अधीक्षक ईसम सिंह ने एलायंस क्लब के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनत्व का यह भाव समाज के लिए प्रेरणादायी है।

वहीं सीनियर पोस्टमास्टर संजय गुप्ता ने कहा कि प्रतापगढ़ की बहनों द्वारा भेजे गए ये रक्षा सूत्र सैनिक भाइयों को भावनात्मक संबल और नई ऊर्जा प्रदान करेंगे। क्लब की नॉर्थ जोन एडवाइजर पूनम गुप्ता ने कहा कि देश के वीर जवान हर परिस्थिति में राष्ट्र की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं।

ऑपरेशन सिंदूर का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि सैनिकों ने देशवासियों का मनोबल बढ़ाया है। उन्होंने प्रार्थना की कि बहनों द्वारा भेजी गई राखियां जवानों के लिए सदैव रक्षा कवच बनें और उन्हें शक्ति प्रदान करें।

इस अवसर पर शैलेंद्र पांडे निरीक्षक, प्रतिभा सहायक मंडली, अमित कुमार, श्रेया सिंह, सचिन शुक्ला, पूनम गुप्ता, श्वेता जायसवाल, डाली सिंह, रेखा उमरवैश्य, अर्चना खंडेलवाल, प्राची गुप्ता, डॉ. दयाराम मौर्य, संतोष कुमार, छेदीलाल, देवानंद, आदर्श कुमार, विवेक कुमार सहित क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।