अलर्ट मोड में आया अयोध्या का अग्निशमन विभाग, कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी से मचा हड़कंप

लखनऊ में हुए अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद उप्र के अयोध्या जनपद का अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी एम.पी. सिंह के निर्देश पर शहर के कोचिंग सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।

अलर्ट मोड में आया अयोध्या का अग्निशमन विभाग, कोचिंग सेंटरों पर छापेमारी से मचा हड़कंप
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। लखनऊ में हुए अग्निकांड में 15 छात्रों की मौत के बाद उप्र के अयोध्या जनपद का अग्निशमन विभाग अलर्ट मोड में आ गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी एम.पी. सिंह के निर्देश पर शहर के कोचिंग सेंटरों में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।

इसके लिए दो टीमें बनाई गई हैं- एक टीम का नेतृत्व अग्निशमन अधिकारी एपीसी कर रहे हैं और दूसरी टीम स्टेशन अधीक्षक के साथ जांच कर रही है। छापेमारी शुरू होते ही कई कोचिंग सेंटरों में हड़कंप मच गया।

हालात ये रहे कि कुछ संचालक तो अपने संस्थान बंद करके मौके से ही फरार हो गए। अयोध्या में फिलहाल 36 कोचिंग सेंटर अग्निशमन विभाग में पंजीकृत हैं। नियम के मुताबिक फायर सेफ्टी मानकों की पूरी जांच के बाद ही किसी भी कोचिंग सेंटर को एनओसी दी जाती है।

टीम अभी फायर उपकरणों की कार्यक्षमता, इमरजेंसी निकास और सुरक्षा के दूसरे इंतजामों को बारीकी से चेक कर रही है। विभाग साफ कर चुका है कि बिना पंजीकरण चल रहे कोचिंग सेंटरों पर भी कार्रवाई होगी। यह चेकिंग अभियान जांच पूरी होने तक लगातार जारी रहेगा।