सीतापुर के तंबौर में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंदा; तीन की मौत
उप्र के सीतापुर जनपद में कोहरे और धुंध के बीच रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तंबौर थाना क्षेत्र के रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट
सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद में कोहरे और धुंध के बीच रफ्तार का कहर देखने को मिला है। तंबौर थाना क्षेत्र के रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसे में दो युवतियों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि ईंटों से लदा तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर बाइक सवार तीनों को रौंदता हुआ निकल गया। तीनों लहरपुर से बाइक पर सवार होकर अपने घर देवपालपुर लौट रहे थे। हादसे के बाद परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
दरअसल, यह दर्दनाक हादसा तंबौर थाना क्षेत्र के रिहार स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, लहरपुर से बाइक पर सवार होकर दो युवतियां और एक युवक अपने घर देवपालपुर जा रहे थे।
इसी दौरान कोहरे और धुंध के बीच ईंटों से लदे तेज रफ्तार ओवरलोड ट्रैक्टर की चपेट में बाइक आ गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार तीनों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में दो युवतियां और एक युवक शामिल हैं।
एक ही हादसे में तीन जिंदगियां खत्म होने से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अब इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कोहरे के मौसम में तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों की आवाजाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



