बलरामपुर में नाली के पानी को लेकर खूनी संघर्ष, 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; आठ आरोपी गिरफ्तार

उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में नाली का पानी खेत में जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 86 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।

बलरामपुर में नाली के पानी को लेकर खूनी संघर्ष, 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत; आठ आरोपी गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

बलरामपुर से गुलाम नबी कुरैशी की रिपोर्ट

बलरामपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के बलरामपुर जनपद के उतरौला में नाली का पानी खेत में जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 86 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई।

मामले में उतरौला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आठ नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छह लाठियां और दो लोहे के पाइप भी बरामद किए हैं। मामला कोतवाली उतरौला क्षेत्र के रजिया हरनीडीह गांव का है।

पुलिस के मुताबिक, बीते 12 नवंबर की सुबह घर के पीछे बनी नाली का पानी रामदेव यादव के खेत में जाने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में कहासुनी और गाली-गलौज शुरू हो गई।

आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर दीपक कुमार यादव और उनके परिजनों पर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस दौरान दीपक के 86 वर्षीय दादा रामपियारे यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं।

उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मेडिकल कॉलेज बहराइच में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत के बाद पुलिस ने दर्ज मुकदमे में हत्या और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धाराएं बढ़ा दीं।

पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय और क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शुक्रवार, 14 नवंबर को अलग-अलग स्थानों से आठों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में 65 वर्षीय रामदेव यादव, 53 वर्षीय रामकिशुन यादव, 51 वर्षीय रामकरन यादव, 34 वर्षीय हेमन्त यादव, 21 वर्षीय सुभाष यादव, 19 वर्षीय हिमांशु यादव, 28 वर्षीय जितेन्द्र यादव और 30 वर्षीय ओम प्रकाश यादव शामिल हैं। सभी आरोपी रजिया हरनीडीह गांव के निवासी हैं।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पाटीदार हैं और पहले से भी विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन नाली के पानी को लेकर कहासुनी हुई, जो मारपीट में बदल गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया.