एटा में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल; गिरफ्तार

उप्र के एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपक गिरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

एटा में पुलिस मुठभेड़, 50 हजार का इनामी बदमाश पैर में गोली लगने से घायल; गिरफ्तार
Published By- Diwaker Mishra

एटा से नंद कुमार की रिपोर्ट 

एटा/जनमत न्यूज़। उप्र के एटा जनपद के अलीगंज थाना क्षेत्र में शनिवार रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 50 हजार रुपये का इनामी बदमाश दीपक गिरी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

घायल बदमाश दीपक गिरी को एटा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है।आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल और 780 रुपये बरामद किए गए हैं। आरोपी बदमाश अलीगंज क्षेत्र में सुनार के साथ हुई लूट की घटना में वांछित चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे अलीगंज पुलिस किला रोड स्थित पुराने पेट्रोल पंप के पास संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान कुरावली रोड की तरफ से बिना नंबर प्लेट की ग्रे रंग की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल आती दिखाई दी।

बाइक सवार ने हेलमेट नहीं लगा रखा था। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगा। पुलिस टीम ने उसका पीछा किया। बदमाश जसरथपुर तिराहे से अकबरपुर कोट रोड की तरफ मुड़ गया।

इसके बाद दाउदगंज मोड़ पर ग्राम दाउदगंज की ओर बाइक मोड़ते समय उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देख आरोपी ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

उन्नाव से बाइक चोरी कर सुनार से की थी लूट

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने 21 अक्टूबर को उन्नाव के जिला अस्पताल से नीले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल चोरी की थी। इसके अगले दिन 22 अक्टूबर को इसी मोटरसाइकिल से अपने साथियों के साथ अलीगंज थाना क्षेत्र में सुनार के साथ लाखों की लूट की वारदात को अंजाम दिया था।

इस मामले में थाना अलीगंज में मुकदमा संख्या 258/2026 धारा 309(6) बीएनएस के तहत दर्ज है। इसी मुकदमे में दीपक गिरी वांछित चल रहा था और उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।

22 मुकदमों में दर्ज है आरोपी का नाम

पुलिस के मुताबिक, दीपक गिरी के खिलाफ अलग-अलग जनपदों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत कुल 22 मुकदमे दर्ज हैं।

पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, चोरी की ग्रे रंग की टीवीएस स्पोर्ट मोटरसाइकिल और 780 रुपये बरामद किए हैं। मुठभेड़ के दौरान अलीगंज पुलिस की टीम मौजूद रही। पुलिस आरोपी के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।