चन्दौली: 40 वर्षों से घर में हो रही छठ पूजा, सभासद ने अतिक्रमण मुक्त कराकर बनवाया छठ घाट
शनिवार की रात छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया।
चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट
चन्दौली/जनमत न्यूज़। शनिवार की रात छठ महापर्व के दूसरे दिन खरना पूजन के साथ व्रती महिलाओं ने 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। इस अवसर पर न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के सुभाष नगर की सभासद आरती यादव ने छठ पर्व की महत्ता, आस्था और अपने वार्ड में छठ घाट निर्माण के संघर्ष को साझा किया।
आरती यादव ने बताया कि नहाय-खाय के बाद खरना छठ पर्व का दूसरा महत्वपूर्ण अनुष्ठान है। इसमें महिलाएं शुद्धता और नियमों का पालन करते हुए रोटी और खीर का प्रसाद तैयार करती हैं। इसके बाद एकांत और शांत वातावरण में प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत शुरू करती हैं।
उन्होंने कहा कि छठ पर्व अब केवल बिहार तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि देशभर में इसकी आस्था लगातार बढ़ रही है। छठी मैया के प्रति श्रद्धालुओं का विश्वास और समर्पण अद्भुत है।
उन्होंने बताया कि उनके परिवार में पिछले 40 वर्षों से छठ पूजा होती आ रही है। सभासद बनने के बाद उनका पहला संकल्प सुभाष नगर स्थित तालाब को अतिक्रमण मुक्त कराकर छठ घाट बनवाना था। उस समय तालाब सूखा पड़ा था और उसमें कूड़ा फेंका जाता था। उन्होंने वार्डवासियों के सहयोग से अतिक्रमण हटवाकर घाट का निर्माण कराया।
आरती यादव ने बताया कि करीब आठ वर्षों के प्रयास और नगरपालिका बोर्ड की बैठक में संघर्ष के बाद 40 लाख रुपये का टेंडर स्वीकृत हुआ है। इसके तहत 80 मीटर लंबे घाट का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने छठी मैया से आगामी चेयरमैन चुनाव में सफलता और अपने कार्यकाल में शेष घाट का निर्माण पूरा कराने की कामना की।



