रायबरेली: राजकीय कॉलोनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन, सायरन बजाकर हवाई हमले का दिया संकेत

उप्र शासन के निर्देश पर रायबरेली की राजकीय कॉलोनी गोरा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया।

रायबरेली: राजकीय कॉलोनी में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन, सायरन बजाकर हवाई हमले का दिया संकेत
Published By- Diwaker Mishra

रायबरेली से महताब खान की रिपोर्ट 

रायबरेली/जनमत न्यूज़। उप्र शासन के निर्देश पर रायबरेली की राजकीय कॉलोनी गोरा बाजार और आसपास के क्षेत्रों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यह मॉकड्रिल जिलाधिकारी हर्षिता माथुर और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुई।

मॉकड्रिल के दौरान हवाई हमले की स्थिति से निपटने के लिए अभ्यास किया गया। दो मिनट तक सायरन बजाकर हवाई हमले का संकेत दिया गया और खतरा टलने पर एक समान आवाज में सायरन बजाया गया। इसके बाद राहत और बचाव कार्यों का अभ्यास किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि इस मॉकड्रिल का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है, ताकि आपात स्थिति में वे घबराएं नहीं और सही तरीके से सुरक्षा उपाय अपनाएं।

लोगों से अपील की गई कि सायरन बजने पर घरों या सुरक्षित स्थानों में रहें, सभी लाइटें बंद रखें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, अग्निशमन, स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।