नेपाल में भारतीयों के लिए नए नियम: कैसीनो में आधार के साथ पैन कार्ड अनिवार्य, पर्यटकों में बढ़ी चिंता
नेपाल में भारतीय नागरिकों के लिए हाल ही में लागू किए गए नए कस्टम (भन्सार) नियमों के बाद अब कैसीनो में प्रवेश को लेकर भी नए प्रावधान लागू होने की जानकारी सामने आई है।
सोनौली से विजय चौरसिया की रिपोर्ट
सोनौली (महराजगंज)/जनमत न्यूज़। नेपाल में भारतीय नागरिकों के लिए हाल ही में लागू किए गए नए कस्टम (भन्सार) नियमों के बाद अब कैसीनो में प्रवेश को लेकर भी नए प्रावधान लागू होने की जानकारी सामने आई है।
भैरहवा स्थित एशियन बुद्धा (एलिगेंट) कैसीनो में भारतीय नागरिकों से आधार कार्ड के साथ पैन कार्ड भी अनिवार्य रूप से मांगा जा रहा है। पैन कार्ड नहीं होने पर प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
नेपाल घूमने गए गोरखपुर निवासी घनश्याम मौर्या, संदीप यादव, राजू मद्देशीय, सतीश यादव एवं दुर्गेश मौर्या ने बताया कि वे भैरहवा स्थित एशियन बुद्धा (एलिगेंट) कैसीनो पहुंचे थे, लेकिन पैन कार्ड साथ न होने के कारण उन्हें प्रवेश से वंचित कर दिया गया।
इस नए नियम को लेकर भारतीय पर्यटकों में असमंजस और चिंता का माहौल है। कुछ लोगों ने आशंका जताई कि आधार और पैन कार्ड की जानकारी लेने से उनके व्यक्तिगत विवरण और बैंकिंग जानकारी की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े होते हैं। हालांकि, इस संबंध में किसी भी प्रकार की ठगी, बैंक खाते से धन निकासी या डेटा के दुरुपयोग की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
भारतीय नागरिकों का कहना है कि यदि ऐसे दस्तावेज अनिवार्य किए जा रहे हैं, तो संबंधित संस्थानों को इसके उद्देश्य, कानूनी आधार तथा डेटा सुरक्षा संबंधी व्यवस्था को स्पष्ट रूप से सार्वजनिक करना चाहिए, ताकि पर्यटकों के मन में किसी प्रकार का भ्रम या आशंका न रहे।
भारतीय नागरिकों के हित में अपील
नेपाल यात्रा पर जाने वाले भारतीय नागरिक यात्रा से पहले वहां लागू नवीनतम नियमों की जानकारी अवश्य प्राप्त करें। यदि किसी संस्था द्वारा आधार, पैन या अन्य व्यक्तिगत दस्तावेज मांगे जाते हैं, तो उनकी आवश्यकता और उपयोग के संबंध में स्पष्ट जानकारी लें।
किसी भी व्यक्तिगत दस्तावेज की प्रति साझा करते समय सावधानी बरतें तथा केवल अधिकृत संस्थानों को ही जानकारी उपलब्ध कराएं। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या ठगी की आशंका हो तो संबंधित भारतीय दूतावास या स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचित करें।


