योगी की सभा में बुलडोजर लेकर पहुंचे समर्थक, CM ने कहा- यहां भी माफिया की उल्टी गिनती शुरू
सीतामढ़ी जिले के परिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- बिहार का गौरवशाली अतीत है।
परिहार (सीतामढ़ी)। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में जहां एक ओर पहले चरण के लिए आज गुरुवार को 121 सीटों के लिए मतदान हो रहा है वहीँ दूसरे चरण के लिए चुनाव प्रचार जोरों पर है।
इसी क्रम में सीतामढ़ी जिले के परिहार में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- बिहार का गौरवशाली अतीत है। परिहार आज बिहार का गौरव बढ़ा रहा है।
CM योगी ने कहा मां सीता इसी धरती पर मां लक्ष्मी के रूप में प्रकट हुई थी। आज के विधानसभा चुनाव में उनलोगों की पहचान करने की जरूरत है, जिन्होंने बिहार की अस्मिता और पहचान के साथ अन्याय किया।
वे कौन लोग थे जिन्होंने बिहार के नौजवानों की पहचान को संकट में डाल रखा था। किसने बिहार की छवि को धूमिल करने का काम किया था? दुनिया के अंदर जहां भी बिहार के नौजवान गए वहां अपनी मेधा व पहचान की बदौलत समाज को बेहतर बनाने का प्रयास किया।
उन्होंने कहा प्रथम चरण के मतदान से स्पष्ट हो रहा है कि राजद कांग्रेस इस चुनाव में कहीं नजर नहीं आ रही है। आज बिहार के अंदर सड़क, बिजली-पानी और हवाई कनेक्टिविटी है। बिहार के अंदर मेडकल कालेज, इंजीनियरिंग कालेज है। लोक कल्याणकारी योजनाएं भी चल रही हैं।
उन्होंने कहा गरीबों को आर्थिक मदद मिल रही है। महिलाओं को आर्थिक मदद देकर स्वावलंबी बनाया जा रहा है। केंद्र और राज्य की सरकार कई लोक कल्याणकारी कार्य कर रही है। 12 करोड़ घरों में शौचालय बनाए गए। करोड़ों लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्के मकान दिए गए।
तीन करोड़ लोगों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया गया। कांग्रेस और राजद के सहयोगी दल समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर को लेकर कारसेवकों पर गोली चलवाया था।
तब भी हम कहते थे-रामलला हम आएंगे, लाठी गोली खाएंगे। आज भव्य राम मंदिर बनकर तैयार हो गया है। इतना ही नहीं अब सीतामढ़ी में भव्य व दिव्य जानकी मंदिर भी बनने जा रहा है।
यह NDA की सरकार ही कर सकती है। आज यह संकल्प लेने का अवसर है कि जिसने भगवान राम का विरोध किया है। हम भी उनका विरोध करेंगे।
उन्होंने कहा उत्तर प्रदेश में जिस प्रकार माफियाओं राज पस्त है और नौजवान मस्त है। उसी तरह बिहार के अंदर में भी माफियाओं की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। खानदानी माफियाओं की भी अब हालत पतली होने वाली है। सियावर रामचंद्र की जय। माता जानकी की जय। हर-हर महादेव।

Janmat News 
