बुलंदशहर: डिबाई में कोहरे का कहर, फौजी की कार जलकर खाक; बाल-बाल बचा चालक
उप्र के बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
बुलंदशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट
बुलंदशहर/जनमत न्यूज़। उप्र के बुलंदशहर जिले के डिबाई क्षेत्र में रविवार सुबह घने कोहरे के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रविवार सुबह लगभग 5:30 से 6:00 बजे के बीच सेना में कार्यरत युवक की कार सरकारी नल से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गई। आग इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, गनीमत रही कि चालक की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजय कुमार पुत्र अशोक कुमार राघव, निवासी दियोरऊ, सेना में कार्यरत हैं। वे सुबह गंगा स्नान के लिए निकले थे, लेकिन घना कोहरा होने के कारण रास्ते से ही वापस लौट रहे थे। इसी दौरान दियोरऊ गेट के पास उनकी मारुति ब्रेज़ा LXi (वाहन संख्या 25 BH 8692 H) घने कोहरे के चलते अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सरकारी नल से टकरा गई।
टक्कर के तुरंत बाद कार में आग लग गई। उस समय अजय कुमार कार में अकेले थे। उन्होंने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। कुछ ही मिनटों में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घटना के समय क्षेत्र में अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ था, जिससे दृश्यता बेहद कम थी। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल फौजी अजय कुमार पूरी तरह सुरक्षित हैं और उन्होंने स्वयं बताया कि वे ठीक हैं।

Janmat News 
