मिर्जापुर: संदिग्ध परिस्थिति में कर्णावती नदी में मिला लापता युवक का शव, गांव में मचा कोहराम

उप्र के मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल थाना अंतर्गत कठ वैया गांव में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है।

मिर्जापुर: संदिग्ध परिस्थिति में कर्णावती नदी में मिला लापता युवक का शव, गांव में मचा कोहराम
Published By- Diwaker Mishra

मिर्जापुर से आनन्द तिवारी की रिपोर्ट

मिर्जापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के मिर्जापुर जनपद के विंध्याचल थाना अंतर्गत कठ वैया गांव में 19 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान राहुल कुमार उर्फ छोटू पुत्र ललित कुमार उर्फ झब्बल प्रजापति के रूप में हुई है, जो आईटीआई का छात्र रह चुका है।

बताया जा रहा है कि राहुल 25 अप्रैल की रात करीब 11 बजे से घर से लापता था। परिजनों के अनुसार उसी रात गांव में एक बारात आई थी और किसी के फोन आने के बाद वह बिना बताए घर से निकल गया, जिसके बाद से उसका कोई सुराग नहीं मिला था।

घटना के चौथे दिन युवक का शव घर से करीब 200 मीटर दूर कर्णावती नदी में मिला। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के मुताबिक, राहुल चार भाइयों- रोहित, रोशन, रोहन और राहुल, में सबसे छोटा था। वह घर पर रहकर पिता के साथ कुम्हार के काम में हाथ बंटाता था। मृतक की मां मालती देवी सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया गया कि बड़े भाई की शादी महज दो माह पहले ही हुई थी, जिससे परिवार में खुशी का माहौल था जो अब मातम में बदल गया। परिजन युवक की हत्या की आशंका जता रहे हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। सीओ सिटी विवेक चावला और फॉरेंसिक टीम पहुंचकर जांच पड़ताल में जुट गई है सीओ सिटी ने कहां की  मामले की जांच की जा रही है जल्द से जल्द खुलासा किया जाएगा।