चन्दौली: स्थायी फल-सब्जी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर विक्रेताओं की बैठक, आंदोलन की चेतावनी

उप्र के चन्दौली जनपद के सब्जी मंडी क्षेत्र में फल एवं सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं को लेकर गुरुवार को एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने व्यवसायियों के साथ बैठक की।

चन्दौली: स्थायी फल-सब्जी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग को लेकर विक्रेताओं की बैठक, आंदोलन की चेतावनी
Published By- Diwaker Mishra

चन्दौली से उमेश सिंह की रिपोर्ट

चन्दौली/जनमत न्यूज़। उप्र के चन्दौली जनपद के सब्जी मंडी क्षेत्र में फल एवं सब्जी विक्रेताओं की समस्याओं को लेकर गुरुवार को एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने व्यवसायियों के साथ बैठक की। बैठक में स्थायी फल-सब्जी मंडी, वेंडिंग जोन और नो-एंट्री में कच्चे माल को छूट देने सहित विभिन्न मांगों पर चर्चा हुई।

एसडीएम राजेश कुमार वर्मा ने विक्रेताओं की समस्याएं सुनते हुए कहा कि उन्हें उचित स्थान उपलब्ध कराने के लिए प्रशासन की ओर से जमीनों का निरीक्षण किया गया है।

विक्रेताओं की ओर से दिए गए सुझावों को जिलाधिकारी के समक्ष रखा जाएगा और जल्द ही उपयुक्त निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विक्रेताओं से किसी भी प्रकार का आंदोलन नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि जिला प्रशासन उनके साथ है और उनकी समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

वहीं, फल एवं सब्जी व्यवसायी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष चौधरी नारायण प्रसाद सोनकर ने कहा कि व्यापारी पिछले करीब 20 वर्षों से स्थायी मंडी और वेंडिंग जोन की मांग कर रहे हैं। अब तक उन्हें केवल आश्वासन ही मिला है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ।

उन्होंने कहा कि उनकी तीन प्रमुख मांगें हैं-स्थायी फल-सब्जी मंडी, वेंडिंग जोन की व्यवस्था और कच्चे माल को नो-एंट्री से मुक्त किया जाए। मांगें पूरी नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन और अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी।

साथ ही कहा कि विक्रेता अपनी रोजमर्रा की आजीविका के लिए काम करते हैं और आंदोलन करना उनकी मजबूरी है। बैठक में जायसवाल सहित बड़ी संख्या में फल-सब्जी विक्रेता और व्यवसायी मौजूद रहे।