सहारनपुर में डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसने की कोशिश, पिस्टल दिखाकर धमकाने का आरोप
उप्र के सहारनपुर जनपद की पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद की पैरामाउंट ट्यूलिप कॉलोनी में राज्य कर विभाग के डिप्टी कमिश्नर के घर में घुसने की कोशिश का मामला सामने आया है। आरोप है कि 16 सितंबर की शाम करीब 7 बजकर 55 मिनट पर एक युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर डिप्टी कमिश्नर के घर पहुंचा।
उस वक्त उनकी बेटी बरामदे में मौजूद थी। आरोप है कि युवक ने पिस्टल दिखाकर उसे घर के अंदर चलने के लिए धमकाया। बेटी के शोर मचाने पर उसकी मां बाहर आईं तो आरोपी ने उन्हें भी हथियार दिखाकर धमकाने का प्रयास किया।
शोर सुनकर डिप्टी कमिश्नर कमरे से बाहर आए, जिन्हें देखते ही आरोपी सीढ़ियों के रास्ते मौके से फरार हो गया। घटना के बाद डिप्टी कमिश्नर ने सदर बाजार थाने में तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
फिलहाल पुलिस कॉलोनी और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपी की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने के लिए पुलिस की जांच जारी है।




