सीतापुर के खैराबाद में नजूल भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद, सभासदों पर लगे गंभीर आरोप

उप्र के सीतापुर जनपद के खैराबाद नगर पालिका क्षेत्र की नजूल भूमि, तालाब, खलिहान और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।

सीतापुर के खैराबाद में नजूल भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद, सभासदों पर लगे गंभीर आरोप
Published By- Diwaker Mishra

सीतापुर से अनूप पाण्डेय की रिपोर्ट

सीतापुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सीतापुर जनपद के खैराबाद नगर पालिका क्षेत्र की नजूल भूमि, तालाब, खलिहान और सार्वजनिक रास्तों पर अवैध कब्जे को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। स्थानीय लोगों ने कुछ सभासदों और उनके करीबियों पर सरकारी जमीनों पर कब्जा कर मकान, गोदाम और प्लॉटिंग करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

माखुपुर, हटोरा, कस्बाती टोला और मियां सराय समेत कई वार्डों में रास्ते बंद होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि खलिहान, तालाब और यहां तक कि मंदिर व कब्रिस्तान की जमीन तक पर अवैध निर्माण कर लिया गया है।

विरोध करने पर धमकी देने की भी बात सामने आई है। चेयरमैन प्रतिनिधि अभिषेक गुप्ता बबलू ने आरोपों को राजनीति से प्रेरित बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में सैकड़ों बीघा नजूल भूमि खाली कराई गई है और कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

वहीं ईओ प्रेम शंकर गुप्ता ने बताया कि शिकायतों की जांच हो चुकी है और जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले को लेकर इलाके में आक्रोश है और लोग जल्द सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।