हरदोई में शिक्षामित्रों से चेन लूटने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, तमंचा-बाइक और नकदी बरामद

उप्र के हरदोई जनपद में बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने दिनदहाड़े दो महिला शिक्षामित्रों से चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।

हरदोई में शिक्षामित्रों से चेन लूटने वाले तीन शातिर बदमाश गिरफ्तार, तमंचा-बाइक और नकदी बरामद
Published By- Diwaker Mishra

हरदोई से सुनील कुमार की रिपोर्ट

हरदोई/जनमत न्यूज़। उप्र के हरदोई जनपद में बेनीगंज कोतवाली पुलिस ने दिनदहाड़े दो महिला शिक्षामित्रों से चेन स्नेचिंग की वारदात का खुलासा करते हुए तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई दो पीली धातु की चेन, घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक, 7,220 रुपये नकद,12 बोर का अवैध तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।घटना 9 सितंबर की बताई जा रही है।

लालपुर प्राथमिक विद्यालय बंद कर शिक्षामित्र कीर्ति बाजपेई और पूनम तिवारी मुख्य मार्ग की ओर लौट रही थीं। इसी दौरान स्प्लेंडर बाइक सवार तीन बदमाशों ने झपट्टा मारकर दोनों के गले से चेन छीन ली और संडीला की ओर फरार हो गए। पीड़िताओं की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू की थी।

पुलिस के मुताबिक, मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर टीम ने कल्यानमल क्षेत्र के निबहा मोड़ के पास घेराबंदी की। यहां से मो. मफीद उर्फ भूरा,अभय उर्फ लुद्दन और बकार, निवासी मीरनगर अजगवां, थाना संडीला, को गिरफ्तार कर लिया गया।पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया।

तलाशी के दौरान पुलिस को लूटी गई चेन, बाइक, नकदी और अवैध हथियार मिले। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई करते हुए चालान कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पर्दाफाश हो गया।