अलीगढ़: चारपाई पर मिली युवक की गोली लगी लाश, तमंचा बरामद; हत्या या आत्महत्या में उलझा मामला
उप्र के अलीगढ़ जनपद के थाना टप्पल क्षेत्र के गांव जटपुरा में एक 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति की कंनपटी पर गोली लगी लाश चारपाई पर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट
अलीगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के अलीगढ़ जनपद के थाना टप्पल क्षेत्र के गांव जटपुरा में एक 35 वर्षीय शादीशुदा व्यक्ति की कंनपटी पर गोली लगी लाश चारपाई पर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। चारपाई पर व्यक्ति गोली लगी लाश मिलने की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
सैकड़ो की तादाद में ग्रामीण मृतक युवक की लाश को देखने के लिए मौके पर इकट्ठा हो गए और सूचना पुलिस को दी। इस सूचना से पुलिस महकमें में हड़कंप मच गया और पुलिस के उच्चअधिकारी इलाका पुलिस समेत फील्ड यूनिट टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए।
फील्ड यूनिट टीम के द्वारा मृतक युवक के पास से एक तमंचा बरामद करते हुए साक्ष्य संकलित करने में जुट गई। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए यह पता लगाने में जुटी हुई है कि मृतक व्यक्ति ने खुद खुदकुशी की है या फिर उसकी किसी अज्ञात बदमाश के द्वारा हत्या की गई है।
इस संबंध में क्षेत्र अधिकारी खैर अभिषेक कुमार पटेल का घटना को लेकर कहना है कि आज सुबह थाना टप्पल क्षेत्र के ग्राम जैतपुरा में एक व्यक्ति को गोली लगने की सूचना 112 नंबर के माध्यम से पुलिस को प्राप्त हुई। इस सूचना पर तत्काल स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची।
जहां पुलिस की प्रथम दृष्टिया जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति 35 वर्षीय देवेन्द्र नाम के व्यक्ति को गोली लगी है,और वह मृत अवस्था में चारपाई पर हैं और उसके हाथ में तमंचा भी मौजूद है। तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाया गया।
फील्ड यूनिट द्वारा गहन जाँच व परीक्षण किया गया, तो उनके हाथ पर GSR भी मौजूद है। पुलिस द्वारा सभी पहलुओं पर जाँच की जा रही है। पंचायतनामा व पोस्टमार्टम की भी कार्यवाही की जा रही है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाही की जायेगी।




