बॉलीवुड में IT विभाग की रेड, एक्ट्रेस रकुल प्रीत सिंह और ससुर वासु भगनानी के ठिकानों पर छापामारी
आयकर विभाग ने बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और जाने-माने फिल्म निर्माता वासु भगनानी और प्रोडक्शन कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े मुंबई स्थित कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहा है।
मुंबई/जनमत न्यूज़। आयकर विभाग ने बॉलीवुड अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, उनके ससुर और जाने-माने फिल्म निर्माता वासु भगनानी और प्रोडक्शन कंपनी पैनोरमा स्टूडियोज से जुड़े मुंबई स्थित कई ठिकानों पर तलाशी अभियान चला रहा है।
संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की सूचना मिलने के बाद विभाग की अलग-अलग टीमें विभिन्न परिसरों में पहुंचकर जांच-पड़ताल कर रही हैं। मुंबई आयकर विभाग की विशेष टीमों ने शहर में लगभग 12 ठिकानों पर एक साथ छापा मारा है।
जांच अधिकारी संबंधित परिसरों से वित्तीय रिकॉर्ड, बही-खाते, बैंक खातों के विवरण और हाल के वर्षों में हुए विदेशी लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी भी तरह की वित्तीय अनियमितता का पता लगाया जा सके।
फिल्मों के नाम पर विदेश फंड भेजने का शक
विभाग को कुछ समय से लगातार ऐसी जानकारियां मिल रही थीं कि फिल्म शूटिंग, विदेशी वितरण और प्रोडक्शन खर्चों के बहाने भारी मात्रा में धनराशि विदेश भेजी जा रही है।
जांच एजेंसियों को अंदेशा है कि इस पूरी प्रक्रिया के जरिए बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की गई है, नियमों की अनदेखी करते हुए अवैध तरीके से फंड की हेराफेरी की गई है। राजस्व और कर विभाग के अधिकारियों की कार्रवाई फिलहाल जारी है।
माना जा रहा है कि सभी दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड्स की जांच पूरी होने के बाद विभाग इस मामले में सामने आई वित्तीय गड़बड़ियों, अघोषित संपत्ति और कर चोरी के वास्तविक आंकड़ों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करेगा।
हालांकि, छापेमारी और जारी जांच को लेकर अब तक अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह, उनके पति जैकी भगनानी या फिल्म निर्माता वाशु भगनानी की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आई है।



