अयोध्या में 10 दिवसीय गुरु पर्व महोत्सव शुरू, भागवत कथा के वाचन के साथ हुआ शुभारंभ

उप्र के अयोध्या जनपद के रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम के नारायण संस्कृत महाविद्यालय में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पर्व महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है।

अयोध्या में 10 दिवसीय गुरु पर्व महोत्सव शुरू, भागवत कथा के वाचन के साथ हुआ शुभारंभ
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या से आज़म खान की रिपोर्ट  

अयोध्या/जनमत न्यूज़। उप्र के अयोध्या जनपद के रानोपाली स्थित उदासीन आश्रम के नारायण संस्कृत महाविद्यालय में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी गुरु पर्व महोत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। दस दिवसीय इस महोत्सव का शुभारंभ आज से श्रीमद् भागवत कथा के वाचन के साथ हुआ।

उदासीन आश्रम के महंत भरत दास जी महाराज ने बताया कि भागवत कथा का वाचन पूज्य डॉक्टर शिवचंद्र दास जी महाराज द्वारा किया जा रहा है। यह महोत्सव आज से प्रारंभ होकर 7 अक्टूबर तक चलेगा। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव में 5 अक्टूबर को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित होगा।

इस दिन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित देश के गणमान्य संत-महंतों की उपस्थिति में नारायण संस्कृत महाविद्यालय के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन किया जाएगा। महोत्सव के कार्यक्रमों के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि वैदिक सनातन परंपरा के अनुसार सभी आयोजन होंगे।

3 अक्टूबर को संतों का विशाल भंडारा, 4 अक्टूबर को श्रीरामचरितमानस का अखंड पाठ बैठेगा और 5 अक्टूबर को उसकी पूर्णाहुति के साथ सभी महापुरुषों का अर्चन-वंदन किया जाएगा।

इस दौरान अयोध्या के सभी संत-महंत, आश्रम से जुड़े सभी भक्तजन और श्रद्धालु मौजूद रहेंगे। पूरे महोत्सव के दौरान समस्ती भंडारा, संगीत, कथा और भागवत प्रवचन का आयोजन निरंतर चलता रहेगा।