सपा नेता के बेटे के रिसेप्शन में संभल पहुंचे अखिलेश यादव, बोले- परिसीमन भाजपा की सबसे बड़ी राजनीतिक भूल
उप्र के संभल जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर भाजपा पर बड़ा हमला बोला है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसमें पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी भागीदारी मिलनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा का परिसीमन उसकी सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगा।
इस दौरान उन्होंने बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और प्रदेश की कानून-व्यवस्था सहित कई मुद्दों पर भी सरकार को घेरा। अखिलेश यादव वह राज्यसभा सांसद जावेद अली खान के बेटे अरम अली खान के दावत-ए-वलीमा और रिसेप्शन समारोह में शामिल होने आए थे।
अखिलेश यादव दोपहर करीब 1 बजकर 45 मिनट पर हेलीकॉप्टर से बहजोई पहुंचे, यहां से कार द्वारा डीआर रिसॉर्ट पहुंचे, जहां उन्होंने नवदंपति को शुभकामनाएं दीं और मीडिया से बातचीत की।
मीडिया से बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी महिला आरक्षण के पूरी तरह पक्ष में है लेकिन इसमें पिछड़े और अति पिछड़े वर्ग की महिलाओं को भी उचित भागीदारी मिलनी चाहिए।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के जरिए लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलने की कोशिश की जा रही है।
असम, पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर में भी इस तरह के बदलाव देखने को मिले हैं। अखिलेश ने कहा कि जिनकी नीयत साफ नहीं होती, वे लोकतंत्र को मजबूत नहीं कर सकते। भाजपा का परिसीमन उसकी सबसे बड़ी राजनीतिक भूल साबित होगा।
अखिलेश यादव ने देश की सीमाओं की सुरक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा लोकसभा क्षेत्रों की सीमाएं बदलना चाहती है, लेकिन देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं कर पा रही है।
अखिलेश ने चीन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि 2014 के बाद से भारत की सीमाएं चीन के दबाव में सिकुड़ रही हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग लोकसभा की सीमाएं बदलना चाहते हैं, उन्हें पहले देश की सीमाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
सपा प्रमुख ने बेरोजगारी और परीक्षाओं को लेकर भी भाजपा सरकार को घेरा उन्होंने कहा कि भाजपा के एजेंडे में युवाओं को रोजगार देना शामिल नहीं है। चीन से आने वाले सामान को लेकर देश के व्यापारियों के सामने संकट खड़ा हो रहा है।
वहीं उत्तर प्रदेश में लगातार परीक्षाएं रद्द हो रही हैं। अखिलेश के मुताबिक प्रदेश में अब तक 20 से अधिक पेपर और परीक्षाएं निरस्त हो चुकी हैं,युवाओं के हाथ में नौकरी नहीं है और सरकार इन बुनियादी मुद्दों से ध्यान भटकाने का काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि किसान खाद और डीएपी के लिए परेशान हैं। धान की पैदावार होने के बावजूद किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है, व्यापारी भी परेशान हैं और समाज का हर वर्ग सरकार से नाराज है।
उन्होंने कहा कि इन मुद्दों से जनता का ध्यान हटाने के लिए भाजपा परिसीमन का मुद्दा लेकर आ रही है,अखिलेश यादव ने वादा किया कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर 24 घंटे के भीतर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा।
गन्ने का मूल्य बढ़ाया जाएगा और किसानों को 24 घंटे के भीतर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, उन्होंने कहा कि किसान, युवा और उत्तर प्रदेश का विकास समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता होंगे, सरकार बनने पर पार्टी अपने घोषणा पत्र को लागू करेगी।
बही विपक्षी गठबंधन को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि लोगों को साथ लाने और गठबंधन बनाने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फिल्मी डायलॉग वाली टिप्पणी पर तंज कसते हुए अखिलेश ने कहा कि मुख्यमंत्री का डायलॉग है कि जहां से खड़े हो जाते हैं, वहीं से लाइन शुरू हो जाती है।
उन्होंने कहा कि वर्चस्ववादी लोगों को समझ लेना चाहिए कि पीडीए के लोग उनसे आगे लाइन में खड़े होकर उन्हें हराने का काम करेंगे। मीडिया से नाराजगी के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह मीडिया से कभी नाराज नहीं रहते उनकी नाराजगी उन लोगों से है, जो अपने हिसाब से खबरें चलाते हैं।
संभल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि जिला भले ही नया हो, लेकिन संभल शहर ऐतिहासिक और बहुत पुराना है। यहां की जनता ने नेताजी मुलायम सिंह यादव को भी हमेशा प्यार और सम्मान दिया है।
उन्होंने कहा कि संभल के लोग भाईचारे, लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों में विश्वास रखते हैं। भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने एनडीए के नाम को नफरत से जोड़कर तंज कसा।



