बुलन्दशहर से सत्यवीर सिंह की रिपोर्ट —
बुलंदशहर/जनमत न्यूज। शिकारपुर में Eid al-Fitr के पावन अवसर पर ईदगाह में लाखों मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की। नमाज के दौरान हजारों-लाखों सिर सजदे में झुके और देश में अमन-चैन, भाईचारे व खुशहाली की दुआएं मांगी गईं।
ईद की नमाज के दौरान ईदगाह और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर तैनात रहे, ताकि नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। ईदगाह परिसर में शिकारपुर के एसडीएम अरुण कुमार वर्मा, सीओ शंशाक श्रीवास्तव और कोतवाल चंदगीराम पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।
नमाज के समय भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हाईवे पर जगह-जगह ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की गई थी। इसके साथ ही शिकारपुर-शिवाली मार्ग पर नमाज के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन भी लागू किया गया, जिससे आवागमन सुचारू रूप से संचालित होता रहा।
ईद के इस पावन अवसर पर गंगा-जमुनी तहजीब की भी सुंदर मिसाल देखने को मिली। हिंदू समुदाय के लोगों ने मुस्लिम भाइयों को गले मिलकर ईद की बधाई दी और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।
नगर पालिका परिषद की ओर से अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह ने अपनी टीम के साथ कैंप लगाकर नमाजियों को ईद की शुभकामनाएं दीं और व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। पूरे क्षेत्र में सौहार्द और भाईचारे का माहौल देखने को मिला।