अमेठी में पर्स-मोबाइल छीनने वाला बदमाश गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामिया

उप्र के अमेठी जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना इन्हौना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त अरबाज को गिरफ्तार कर लिया।

अमेठी में पर्स-मोबाइल छीनने वाला बदमाश गिरफ्तार, 25 हजार का था इनामिया
Published By- Diwaker Mishra

अमेठी से राम मिश्रा की रिपोर्ट

अमेठी/जनमत न्यूज़। उप्र के अमेठी जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना इन्हौना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त अरबाज को गिरफ्तार कर लिया।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से चार हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक,पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन में जिले में अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में गुरुवार को थाना इन्हौना पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर थाना इन्हौना में पंजीकृत मुकदमे में वांछित 25 हजार रुपये के इनामिया अभियुक्त अरबाज को गिरफ्तार किया गया।

पूछताछ में अभियुक्त ने पुलिस को बताया कि करीब एक माह पूर्व उसने अपने साथी सलीम उर्फ कलीम के साथ मिलकर थाना इन्हौना क्षेत्र में एक व्यक्ति से मोबाइल छीना था। मोबाइल को एक फेरी वाले को पांच हजार रुपये में बेचने तथा प्राप्त रकम में से दो हजार रुपये खर्च होने की बात बताई।

अभियुक्त ने कुछ दिन पूर्व थाना जगदीशपुर क्षेत्र में एक महिला से पर्स छीनने की बात भी पुलिस को बताई। उसके मुताबिक पर्स में मिले रुपयों में से एक हजार रुपये उसके पास बचे थे।

इसके अलावा रायबरेली जनपद में भी एक व्यक्ति से मोबाइल छीनकर बेचने की बात पूछताछ में सामने आई। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित अभियोग में सुसंगत धारा की बढ़ोतरी कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।