संभल में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; एक फरार

उप्र के संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बाइक सवार आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है।

संभल में हिस्ट्रीशीटर से पुलिस की मुठभेड़, पैर में लगी गोली; एक फरार
Published By- Diwaker Mishra

संभल से राम व्रेश यादव की रिपोर्ट

संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद के असमोली थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस और एक बाइक सवार आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल आरोपी को पुलिस ने हिरासत में लेकर इलाज के लिए सीएचसी असमोली भेजा है।

वहीं, मुठभेड़ के दौरान आरोपी का साथी मौके से फरार होने में सफल रहा। पूरा मामला संभल के असमोली थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, पुलिस टीम सेवापुर नगला नीडर की ओर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार संदिग्धों को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया।

पुलिस का दावा है कि बाइक सवार आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगने के बाद आरोपी घायल होकर मौके पर गिर गया, जिसे पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। घायल आरोपी की पहचान तनवीर उर्फ सन्नी उर्फ शैम्पू के रूप में बताई जा रही है।

बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान आरोपी का एक साथी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस टीम ने आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ ही पूरे मामले की जांच में जुटी है।

पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी तनवीर उर्फ सन्नी उर्फ शैम्पू चोरी के एक मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके फरार साथी के बारे में जानकारी जुटा रही है।

फिलहाल घायल आरोपी को पुलिस नें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र असमोली भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मुठभेड़ और आरोपी से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।

संभल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि चोरी और लूट की घटनाओं के बाद पुलिस द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में देर रात असमोली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे।

इसी दौरान पुलिस टीम ने एक संदिग्ध युवक को रोकने का प्रयास किया, जिसके बाद युवक ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। जिसमें युवक के पैर में गोली लगी है। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एसपी के मुताबिक, घायल युवक की पहचान तनवीर उर्फ सनी के रूप में हुई है, जबकि उसका एक साथी अब्दुल रहमान है, जो पहले बरेली में रहता था और अब मुरादाबाद में अपना ठिकाना बनाए हुए है। दोनों का एक गैंग से संबंध बताया जा रहा है।

बताया गया कि जनपद बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र में वर्ष 2015 में हुई डकैती की घटना में भी दोनों जेल जा चुके हैं। इसके अलावा जनपद में एक फैक्ट्री में हुई चोरी की घटना में भी तनवीर का नाम प्रकाश में आया था, जिसकी पुलिस को तलाश थी।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, एक देसी तमंचा, एक खोखा कारतूस और कुछ जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस टीम द्वारा आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।