होटल में खाना बनाते समय सिलेंडर में लगी आग, टला बड़ा हादसा
होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
मुजफ्फरनगर से संजय कुमार की रिपोर्ट —
मुजफ्फरनगर / जनमत न्यूज। मुजफ्फरनगर जनपद के मीरापुर थाना क्षेत्र स्थित बस स्टैंड के पास एक होटल में उस समय हड़कंप मच गया, जब खाना बनाते समय गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई।
होटल कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच में गैस रिसाव के चलते आग लगने की आशंका जताई जा रही है।