अलीगढ़ में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप: मारपीट और फायरिंग में दोनों पक्षों के 9 लोग गिरफ्तार
क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है।
अलीगढ़ से अजय कुमार की रिपोर्ट —
अलीगढ़/जनमत न्यूज। जनपद के थाना जवां क्षेत्र अंतर्गत बरौली चौकी इलाके में जमीन की पैमाइश को लेकर दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। मारपीट और फायरिंग की इस घटना के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 4 मई 2026 को शाम करीब 4:30 बजे की है, जब सूचना मिली कि गांव में जमीन की पैमाइश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए हैं। विवाद बढ़ने पर एक पक्ष द्वारा फायरिंग किए जाने की बात सामने आई, जिससे क्षेत्र में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों के आरोपियों को हिरासत में लिया। बाद में सभी का मेडिकल परीक्षण कराते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया गया।
क्षेत्राधिकारी सर्वम सिंह ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और साक्ष्यों के आधार पर विवेचना जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर भूमि विवादों के कारण बढ़ती हिंसा की समस्या को उजागर किया है, जिस पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता है।

Janmat News 
