फतेहपुर के वन स्टॉप सेंटर से नाबालिग फरार, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल; प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
उप्र के फतेहपुर जनपद के वन स्टॉप सेंटर से एक नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में फरार होने का मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फतेहपुर से भीमशंकर की रिपोर्ट
फतेहपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के फतेहपुर जनपद के वन स्टॉप सेंटर से एक नाबालिग लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में फरार होने का मामला सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हालांकि राहत की बात ये रही कि पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया गया, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम ने जिम्मेदारों की लापरवाही को उजागर कर दिया है। अब इस मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है।
जिला प्रोबेशन अधिकारी ऋषांत कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, नाबालिग लड़की को अस्थायी आश्रय के लिए वन स्टॉप सेंटर लाया गया था, लेकिन 12 तारीख की सुबह वह संदिग्ध हालात में वहां से फरार हो गई।
घटना के समय सुरक्षा में सेंध साफ नजर आई, क्योंकि सेंटर पर नाइट गार्ड, पुलिस विभाग की एक महिला कांस्टेबल, एक होमगार्ड और एक महिला कर्मी तैनात होने के बावजूद लड़की बाहर निकलने में कामयाब हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आया और सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसके बाद नाबालिग को बहुआ क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया गया लेकिन इस लापरवाही पर प्रशासन ने एक्शन लिया है।
ड्यूटी पर तैनात नाइट गार्ड की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त कर दी गई हैं, वहीं सुरक्षा में तैनात महिला कांस्टेबल को पुलिस अधीक्षक द्वारा निलंबित कर दिया गया है।
साथ ही होमगार्ड की भूमिका को लेकर संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए पत्र भेजा गया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी ने साफ किया है कि इस पूरे मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित कर दी गई है।

Janmat News 
