प्रतापगढ़: लालगंज में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, कक्षा 11 के 16 वर्षीय छात्र की मौत

उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज क्षेत्र के घुइसरनाथ रोड पर फौजी ढाबा के पास बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।

प्रतापगढ़: लालगंज में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, कक्षा 11 के 16 वर्षीय छात्र की मौत
Published By- Diwaker Mishra

प्रतापगढ़ से विकास गुप्ता की रिपोर्ट

प्रतापगढ़/जनमत न्यूज़। उप्र के प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज क्षेत्र के घुइसरनाथ रोड पर फौजी ढाबा के पास बुधवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कक्षा 11 के छात्र नितीश कश्यप (16) की मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

सांगीपुर थाना क्षेत्र के पदमाकरपुर निवासी मनोज कुमार कश्यप का पुत्र नितीश कश्यप द्वारिका नाथ मिश्र इंटर कॉलेज, कोटवा शुकुलपुर में कक्षा 11 का छात्र था। बताया गया कि नितीश बाइक से लालगंज की ओर जा रहा था।

इसी दौरान घुइसरनाथ रोड पर फौजी ढाबा के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद नितीश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्र को लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। लालगंज कोतवाल आलोक कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी।

घायल को लालगंज ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। परिजनों के मुताबिक नितीश चार भाइयों में से एक था।

उसके भाइयों के नाम नितिन, जतिन और शिवम हैं। परिवार में उसकी कोई बहन नहीं है। नितीश के पिता बेंगलुरु में रहकर वाहन चलाते हैं। बेटे की मौत की खबर से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। पुलिस ने दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटाई है। दूसरी बाइक और हादसे की परिस्थितियों को लेकर जांच की जा रही है।