अयोध्या: रक्षा बंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नकली मिठाई फैक्ट्री पर छापेमारी

रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले उप्र के अयोध्या जनपद के पूरा बाजार क्षेत्र के राजेपुर गांव में संचालित कथित नकली मिठाई के कारखाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।

अयोध्या: रक्षा बंधन पर्व से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, नकली मिठाई फैक्ट्री पर छापेमारी
Published By- Diwaker Mishra

अयोध्या आज़म खान की रिपोर्ट

अयोध्या/जनमत न्यूज़। रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले उप्र के अयोध्या जनपद के पूरा बाजार क्षेत्र के राजेपुर गांव में संचालित कथित नकली मिठाई के कारखाने पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की।

ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे खाद्य विभाग और डायल-112 पुलिस ने मौके पर जांच की, जहां भारी मात्रा में संदिग्ध और खराब गुणवत्ता की मिठाइयां मिलने का दावा किया गया। विभाग ने नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से गांव में बार-बार ट्रांसफार्मर और बिजली लाइन पर अत्यधिक लोड पड़ने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो रही थी। लगातार हो रही इस समस्या के बाद ग्रामीणों को एक मकान पर संदेह हुआ। जब लोगों ने पड़ताल की तो अंदर कथित रूप से बड़े पैमाने पर मिठाइयों का निर्माण होता मिला।

ग्रामीणों का आरोप है कि कारखाने के अंदर बेहद गंदगी थी। कई मिठाइयां सड़ी हुई थीं, जिनमें कीड़े पड़े थे और पूरे परिसर में तेज दुर्गंध फैली हुई थी। यह नजारा देखकर ग्रामीणों ने तत्काल खाद्य सुरक्षा विभाग और डायल-112 पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान संदिग्ध मिठाइयों के नमूने एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में मिठाइयों की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने के बाद विभाग ने नमूने प्रयोगशाला भेजते हुए विधिक कार्रवाई शुरू कर दी।

वहीं डायल-112 पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक लिखापढ़ी कर मामले की जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि यह कारखाना लंबे समय से संचालित हो रहा था, लेकिन बिजली की असामान्य खपत और बार-बार फॉल्ट होने के कारण उन्हें शक हुआ, जिसके बाद पूरे मामले का खुलासा हुआ।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यहां तैयार की जा रही मिठाइयां लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही थीं। ग्रामीणों ने यह भी दावा किया कि इससे पहले इसी संचालक के कथित नकली मिठाई कारोबार पर शहर के कौशपुरी क्षेत्र में भी खाद्य विभाग कार्रवाई कर चुका है।

वही खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक खाद्य आयुक्त देव आशीष उपाध्याय ने बताया की हमारी टीम ने चार सेम्पल लिए है।अवैध मिठाई की फैक्ट्री बिना लाइसेंस के चलाई जा रही थी।

फैक्ट्री के मालिक का लाइसेंस कौशल पूरी का था और बिना लाइसेंस ट्रांसफर लिए ही मिठाई बनाई जा रही थी, काफ़ी गंदगी पायी गयी। विभाग द्वारा सैम्पलिंग कार्यवाही की गयी है।

प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कठोर कार्रवाई की जाएगी। रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार से पहले हुई इस कार्रवाई से जिले में मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।