संभल: विहिप और बजरंग दल ने फूंका सांसद पप्पू यादव का पुतला, पुलिस से हुई तीखी नोकझोंक
उप्र के संभल जनपद में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका। इंस्पेक्टर से तीखी नोकझोंक के बाद जिला संयोजक को पुलिस ने गाड़ी में बैठाया लेकिन कार्यकर्ताओं के आक्रोश के बाद छोड़ दिया गया।
संभल से रामव्रेश यादव की रिपोर्ट
संभल/जनमत न्यूज़। उप्र के संभल जनपद में विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल ने सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका। इंस्पेक्टर से तीखी नोकझोंक के बाद जिला संयोजक को पुलिस ने गाड़ी में बैठाया लेकिन कार्यकर्ताओं के आक्रोश के बाद छोड़ दिया गया।
पूरा मामला संभल के कोतवाली क्षेत्र स्थित शंकर इंटर कॉलेज चौराहे का है, जहां मंगलवार को विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिहार के निर्दलीय सांसद पप्पू यादव का पुतला फूंका।
इसी दौरान मौके पर पहुंची पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। जिला संयोजक को हिरासत में लेने के विरोध में कार्यकर्ता कोतवाली पहुंच गए और धरने पर बैठ गए, जिसे बाद में पुलिस क्षेत्राधिकारी के हस्तक्षेप के बाद समाप्त कराया गया।
बजरंग दल के कार्यकर्ता राम मंदिर चंदा चोरी मामले को लेकर संसद में साधु के भेष में प्रदर्शन करने पर सांसद पप्पू यादव का विरोध कर रहे थे। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर उनका पुतला फूंका।
पुतला दहन के बाद मौके पर पुलिस पहुंच गई। पुतला दहन को लेकर पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच करीब 15 मिनट तक नोकझोंक हुई।बजरंग दल के जिला संयोजक को पुलिस ने हिरासत में लेकर गाड़ी में बैठा लिया, जिससे कार्यकर्ता नाराज हो गए।
इसके बाद कार्यकर्ता कोतवाली पहुंचकर जिला संयोजक को छोड़े जाने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस क्षेत्राधिकारी कुलदीप कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों से बातचीत कर मामला शांत कराया।
बजरंग दल के पदाधिकारी नितिन शर्मा ने बताया कि आज हमने संभल में पप्पू यादव द्वारा भगवा वस्त्र पहनकर जिस तरह हिंदू समाज और संतों का अपमान किया गया, उसके विरोध में शंकर इंटर कॉलेज चौराहे पर उनका पुतला दहन किया।
पुतला दहन से पहले प्रशासन को सूचना दे दी गई थी और एलआईयू को भी अवगत करा दिया गया था।उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद बजरंग दल को कमजोर समझते हुए पुलिस ने विभाग संयोजक होने के नाते मुझे जबरन गाड़ी में बैठा लिया।
उन्होंने कहा कि प्रशासन की मानसिकता देखिए, हम लोग साधु-संतों के सम्मान के लिए संघर्ष कर रहे हैं, इसके बाद भी पुलिस ने यह कार्रवाई की। यदि कप्तान साहब ने इस मामले में कार्रवाई नहीं की तो बजरंग दल की ओर से इसका पूरा विरोध किया जाएगा और पूरा हिंदू समाज सड़क पर उतरेगा।


