सहारनपुर: पुलिस मुठभेड़ में गोकशी की तैयारी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस और एक जिंदा गोवंश बरामद
उप्र के सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है।
सहारनपुर से अनिल वर्मा की रिपोर्ट
सहारनपुर/जनमत न्यूज़। उप्र के सहारनपुर जनपद के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपियों और पुलिस के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम अमरपुर से सिकंदरपुर जाने वाले रास्ते पर पोपलर के खेत में कुछ लोगों द्वारा गोकशी की तैयारी किए जाने की सूचना मिली थी।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस के अनुसार, मौके पर करीब 5 से 6 संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखते ही आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में असलम पुत्र अलताफ, निवासी कैलाशपुर के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से पुलिस ने अबुजर उर्फ अजहर पुत्र प्रवेज को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, कुछ आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा कॉम्बिंग की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा और एक खोखा कारतूस, काली स्कूटी, गोकशी में प्रयुक्त उपकरण और एक जिंदा गोवंश बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है।




