कानपुर देहात में बड़ा हादसा, बिजली का खंभा लगाते समय उतरा करंट; एक मजदूर की दर्दनाक मौत
उप्र के कानपुर देहात जनपद के जैनपुर औद्योगिक इलाके मे पेप्सी चौराहे पर बिजली का नया खंभा लगाते समय एक बड़ा हादसा घटित हो गया।
कानपुर देहात से अखिलेश त्रिवेदी की रिपोर्ट
कानपुर देहात/जनमत न्यूज़। उप्र के कानपुर देहात जनपद के जैनपुर औद्योगिक इलाके मे पेप्सी चौराहे पर बिजली का नया खंभा लगाते समय एक बड़ा हादसा घटित हो गया। नए खंभे को लगाते समय ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन बिजली की लाइन से खंभा छू गया, जिससे पोल पकड़कर खड़े तीन मजदूर तेज करंट की चपेट में आ गए।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और एंबुलेंस की मदद से तीनों को जिला अस्पताल अकबरपुर ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया। वहीं दो मजदूरों का इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस और बिजली विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुँचकर जांच में जुट गए हैं।
घटना जनपद कानपुर देहात के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर इलाके की है, जहाँ पेप्सी चौराहे पर नए बिजली के खंभे लगाने का काम चल रहा था। काम के दौरान हाइड्रा मशीन के जरिए लोहे के भारी-भरकम खंभे को खड़ा किया जा रहा था, और उसे दिशा देने के लिए तीन मजदूर खंभे को नीचे से पकड़े हुए थे।
तभी अचानक खंभे का ऊपरी सिरा ऊपर से गुजर रही हाई-टेंशन तार से टकरा गया। सेकंडों में खंभे में जोरदार करंट दौड़ गया और उसे पकड़े तीनों उसकी चपेट में आ गए।
घायलों को आनन-फानन में निजी वाहनों और एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल अकबरपुर पहुँचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया।
जबकि हादसे में गंभीर रूप से घायल दो मजदूर सोनू और गौरव का इलाज जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही अकबरपुर कोतवाली पुलिस और संबंधित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।




